गिल ने गेंद पर लार का इस्तेमाल पर प्रतिबंध हटाने की वकालत की थी
दरअसल, न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में खेले गए पहले टेस्ट मैच के ड्रॉ होने के बाद शुभमन गिल ने गेंद पर लार लगाने की अनुमति देने की वकालत की थी.
उनका कहना था कि कूकाबुरा गेंद बहुत जल्दी नरम हो रही थी.
बल्लेबाजों के अनुकूल पिच पर गेंदबाजों को ज्यादा मदद नहीं मिल पा रही थी.
ऐसे में गेंद पर लार लगाकर उसे चमकाने की अनुमति मिलने से गेंदबाजों को कुछ फायदा हो सकता था.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, आईसीसी का इस मामले में फिलहाल अपना फैसला बदलने का कोई इरादा नहीं है.
कोरोना महामारी के दौरान साल 2020 में खिलाड़ियों और मैच अधिकारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गेंद पर लार लगाने पर प्रतिबंध लगाया गया था.
बाद में आईसीसी ने इसे अपने खेल नियमों में स्थायी रूप से शामिल कर लिया था. यह फैसला मेरिलबोन क्रिकेट क्लब (एमसीसी) के क्रिकेट नियमों के अनुरूप भी है.
एमसीसी के नियमों के तहत गेंद की स्थिति को अनुचित तरीके से बदलने की किसी भी कोशिश को गलत माना जाता है.
आईसीसी का मानना है कि लार में मिठाई, च्युइंग गम और मिंट जैसी चीजों के तत्व मिलाकर गेंद की स्थिति में बड़ा बदलाव किया जा सकता है.
इससे गेंद पर इस्तेमाल होने वाली चीजों की निगरानी और नियमों का पालन कराना भी मुश्किल हो जाता है.
आईसीसी का मानना है कि लार के इस्तेमाल से खिलाड़ियों और मैच अधिकारियों के स्वास्थ्य को अब भी खतरा हो सकता है.
यूरोपियन सेंटर फॉर डिजीज प्रिवेंशन एंड कंट्रोल के मुताबिक, SARS-CoV-2 के नए उभरते वैरिएंट दुनियाभर में स्वास्थ्य के लिए जोखिम बने हुए हैं.
रिपोर्ट के अनुसार, इस महीने की शुरुआत में बाली में हुई आईसीसी की बैठकों में भी लार पर लगे प्रतिबंध को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई.
भविष्य में यदि इस नियम में बदलाव का प्रस्ताव आता है तो उसे किसी सदस्य देश की ओर से संबंधित आईसीसी समिति के सामने रखना होगा.
समिति में विचार के बाद ही अंतिम फैसला आईसीसी बोर्ड ले सकता है.
शुभमन गिल ने पहले टेस्ट में न्यूजीलैंड को आखिरी दिन आउट नहीं कर पाने और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के अहम अंक गंवाने के बाद इस मुद्दे पर नाराजगी जताई थी.
गिल ने कहा था, मुझे समझ नहीं आता कि हमें अब तक गेंद पर लार लगाने की अनुमति क्यों नहीं मिली है
हम कोविड के दौर से काफी आगे निकल चुके हैं, गेंद को चमकाने के लिए उस पर लार नहीं लगाने का नियम बनाया गया था.
सात-आठ साल बीत चुके हैं, लेकिन मुझे आज भी समझ नहीं आता कि इसकी अनुमति क्यों नहीं दी जा रही है.
आईपीएल में है लार के इस्तेमाल की मंजूरी हालांकि, आईपीएल जैसे घरेलू टूर्नामेंट में इस प्रतिबंध को पहले ही हटा दिया गया है.
आईपीएल 2025 से खिलाड़ियों को गेंद पर लार लगाने की अनुमति दे दी गई थी.
इसके बावजूद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आईसीसी इस नियम को जारी रखने के पक्ष में है.