अमूल ने दिवाली से पहले दाम बढ़ाए, जानिए क्या हुआ महंगा?;
पुणे, कोलकाता और जम्मू-कश्मीर सहित कई स्थानों पर अमूल गाय के घी की कमी की शिकायतें मिली हैं.
- 3 मिनट में पढ़ें
अमूल ने दिया दिवाली से पहले आम उपभोक्ताओं को एक और झटका
दुग्ध उत्पाद ब्रांड अमूल ने अपने घी और मक्खन के दाम बढ़ा दिए हैं.
गुजरात को-ऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन(GCMMF) द्वारा विपणन किए जाने वाले इन उत्पादों की नई कीमतें लागू हो गई हैं.
अमूल घी के 1 किलो के डिब्बे में 50 रुपये का इजाफा हुआ है;
अब यह 680 रुपये हो गया है, जबकि पहले यह 630 रुपये था.
500 ग्राम प्योर घी थैली की कीमत 325 रुपये से बढ़कर 345 रुपये हो गई है. मक्खन के दाम भी बढ़े हैं; 100 ग्राम पैकेट अब 66 रुपये का मिलेगा.
500 ग्राम मक्खन के पैकेट पर 15 रुपये का इजाफा हुआ है,
जो अब 325 रुपये का मिलेगा.

अमूल गाय का घी 740 रुपये प्रति लीटर है ऑनलाइन.
सागर घी 710 रुपये और भैंस का घी 720 रुपये प्रति लीटर हैं.
कई किस्में, जैसे प्योर घी और कॉम्बो पैकेट, ऑनलाइन अनुपलब्ध दिखाई जा रही हैं. क्या है दाम बढ़ने का कारण?
दाम बढ़ने के साथ-साथ आपूर्ति की समस्या भी गंभीर हो गई है.
वडोदरा और अहमदाबाद के खुदरा विक्रेता बता रहे हैं कि गणेश उत्सव के बाद से अमूल गाय के घी का भंडार कम चल रहा है.
पुणे, कोलकाता और जम्मू-कश्मीर सहित कई स्थानों पर भी अमूल गाय के घी की कमी की शिकायतें मिली हैं.
मिलावटी घी पर सख्ती का असर क्या है?
गुजरात और राजस्थान में मिलावटी घी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हुई है.
पिछले छह महीनों में इन दोनों राज्यों में करीब दो लाख किलो नकली घी जब्त किया गया। इस सख्ती के कारण नामी घी की मांग तेजी से बढ़ी है.
लोग अब भरोसेमंद ब्रांड जैसे अमूल की ओर रुख कर रहे हैं.
सालाना घी की खपत का करीब 45 फीसदी हिस्सा त्योहारी सीजन में ही होता है. इससे आपूर्ति पर और दबाव बन गया है.
बीते साल सितंबर में जीएसटी में कटौती के बाद डेयरी उत्पादों पर कर 12 फीसदी से घटाकर 5 फीसदी कर दिया गया था.
उस समय अमूल ने 700 से अधिक उत्पादों के दाम घटाए थे.
एक लीटर घी की कीमत 650 रुपये से 610 रुपये हो गई थी.
मक्खन के 100 ग्राम के पैकेट की कीमत 62 से 58 रुपये हुई थी.
अमूल की बढ़ोतरी से उस राहत का काफी हिस्सा खत्म हो गया है.

पंकज प्रवीण
संवाददातालोक हस्तक्षेप की टीम जनहित, तथ्य और जवाबदेही पर केंद्रित रिपोर्टिंग करती है।
लेखक के सभी लेख