सफाई कर्मियों के वेतन में कटौती, पीएफ जमा नहीं करने और निर्धारित भुगतान में अनियमितता बरतने वाले ठेकेदार अब कार्रवाई के दायरे में
ठेकेदारों की ओर से कम भुगतान करने या पीएफ का विवरण उपलब्ध नहीं कराने पर जांच, पेनाल्टी और मुकदमा तक चलाया जाएगा.
सफाई कर्मियों के आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए भुगतान व्यवस्था की निगरानी के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने पर जोर दिया गया है.
राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग (भारत सरकार) के सदस्य मनोज कुमार वाल्मीकि ने रेलवे प्रांगण में पत्रकारों से बातचीत में सफाई कर्मियों के अधिकार, वेतन, पीएफ और कार्यस्थल पर उनकी समस्याओं को लेकर अपनी प्राथमिकताएं बताईं.
उन्होंने कहा कि विभिन्न संस्थानों में निरीक्षण के दौरान कई गंभीर मामले सामने आए हैं.
नगर निगम सहित कुछ स्थानों पर सफाई कर्मियों के 40 माह तक पीएफ जमा नहीं होने जैसी शिकायतें मिली हैं.
ऐसे मामलों के समाधान और जवाबदेही तय करने के लिए 15 जनवरी की गाइडलाइन निर्धारित की गई है.
उन्होंने कहा कि वे रांची रेल मंडल के कार्यों से संतुष्ट है.
डीआरएम रांची रेल मंडल के डीआरएम करुणा निधि सिंह ने कहा कि सफाई कर्मियों की किसी भी शिकायत पर ठेकेदार के माध्यम से त्वरित कार्रवाई की जाती है.
वेतन या अन्य किसी विषय को लेकर समस्या सामने आने पर एक दिन के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है.
उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों को हर स्तर पर न्याय दिलाने के लिए रेल मंडल तत्पर है.
सफाई कर्मियों के भुगतान की निगरानी के लिए हो अधिकारी नियुक्त मनोज कुमार वाल्मीकि ने कहा कि रेल मंडल में सफाई कर्मियों को मिलने वाले वेतन और पीएफ की अलग-अलग निगरानी के लिए अधिकारी नियुक्त किया जाना चाहिए.
ठेकेदारों की ओर से भुगतान में गड़बड़ी, कम वेतन देने या पीएफ का विवरण नहीं देने की स्थिति में जांच कर कार्रवाई की जाएगी.
सफाई कर्मियों को उनके हक से वंचित नहीं किया जा सकता.
व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए कि भुगतान और पीएफ जमा होने की प्रक्रिया नियमित रूप से जांच के दायरे में रहे.
800 अस्थायी कर्मियों को नियमित करने का मामला राष्ट्रीय नीति से जुड़ा रांची रेल मंडल में करीब 800 अस्थायी सफाई कर्मियों को नियमित करने से संबंधित सवाल पर आयोग के सदस्य ने कहा कि यह विषय राष्ट्रीय नीति से जुड़ा है.
इस पर निर्णय व्यापक नीतिगत स्तर पर लिया जाना है.
उन्होंने सफाई कर्मियों के हितों की रक्षा, उनकी कार्यस्थितियों में सुधार और उन्हें आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराने पर जोर दिया.
सफाई कर्मियों के बच्चों की पढ़ाई और समाज के लिए भवन की पहल उन्होंने बीसीसीएल में 352 स्थायी और 156 अस्थायी सफाई कर्मियों के बच्चों एवं कर्मियों के लिए शाम के समय इच्छानुसार पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विद्यालय शुरू करने की बात कही.
वहीं, रांची में सीसीएल के साथ बैठक कर महर्षि वाल्मीकि कम्युनिटी हॉल के लिए जमीन आवंटित करने का आग्रह करने की जानकारी भी दी.
उनका कहना था कि सफाई कर्मचारी समाज के लोगों को सामाजिक गतिविधियों, शिक्षा और सामुदायिक जरूरतों के लिए अपना स्थान मिलना चाहिए.