दीपम विवाद: पीएम मोदी ने की भगवान मुरुगन से प्रार्थना,भाजपा ने टीवीके सरकार को घेरा
शीर्ष अदालत ने राज्य के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और 13 अन्य अधिकारियों को नोटिस जारी किए. मामला अदालत के पहले के आदेश को लागू नहीं करने से जुड़ा है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार रात भगवान मुरुगन की पूजा-अर्चना की.
यह घटनाक्रम सुप्रीम कोर्ट की ओर से मदुरै की तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित विवादित दीपथून स्तंभ के ऊपर शनिवार को पारंपरिक कार्तिगई दीपम जलाने का आदेश दिए जाने के कुछ घंटे बाद हुआ.
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पारंपरिक तमिल भक्ति उद्घोष 'वेत्रिवेल मुरुगनुक्कु अरोहरा' साझा किया.
उन्होंने इस उद्घोष को अंग्रेजी, तमिल और हिंदी में लिखा. हालांकि, उन्होंने अपनी पोस्ट में न्यायिक कार्यवाही या मंदिर विवाद का कोई सीधा उल्लेख नहीं किया.
इससे पहले दिन में सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु के वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ अवमानना की कार्यवाही शुरू की.
शीर्ष अदालत ने राज्य के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और 13 अन्य अधिकारियों को नोटिस जारी किए. मामला अदालत के पहले के आदेश को लागू नहीं करने से जुड़ा है.
अदालत ने कहा कि 24 नवंबर को पत्थर के स्तंभ पर दीपम नहीं जलाना पहली नजर में उसके 20 नवंबर के निर्देशों की जानबूझकर अवहेलना का मामला है.
पीठ ने राजनीतिक दबाव में अधिकारियों के काम करने के आरोपों की जांच के लिए फोन कॉल का ब्योरा और आधिकारिक रिकॉर्ड भी मांगे.
सुप्रीम कोर्ट ने एक बड़े प्रशासनिक हस्तक्षेप के तहत अरुलमिगु सुब्रमण्यमस्वामी मंदिर का प्रबंधन संभालने वाले न्यासी मंडल को भी निलंबित कर दिया.
मंदिर का अस्थायी प्रबंधन हाईकोर्ट के दो सेवानिवृत्त न्यायाधीशों को सौंपा गया है.
भाजपा ने तमिलनाडु के मंदिरों में जलाए दीप
इधर, तमिलनाडु भाजपा के उपाध्यक्ष केपी रामलिंगम ने तिरुपरनकुंद्रम दीपम विवाद, कल्लाकुरिची विधायक मामले और राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की सरकार पर तीखा हमला बोला.
उन्होंने राज्य के विभिन्न मंदिरों में दीप जलाने के कार्यक्रम भी आयोजित किए.
रामलिंगम ने नमक्कल जिले के रासीपुरम में भाजपा के 'अरम काक्कुम अलय दीपम' (धर्म की रक्षा के लिए मंदिरों में दीप जलाना) कार्यक्रम में हिस्सा लिया.
इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ दीप लेकर जुलूस निकाला.
यह जुलूस रासीपुरम पुराने बस स्टैंड के पास स्थित अंजनेयर मंदिर से शुरू होकर अरुलमिगु नित्य सुमंगली मरियम्मन मंदिर तक पहुंचा.
कोर्ट के फैसले पर क्या बोली भाजपा?
अदालत के फैसले पर रामलिंगम ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने आज साबित कर दिया है कि अगर शक्तिशाली शासक गलतियां करते हैं तो न्यायिक कार्यवाही के जरिये उन्हें सत्ता से हटाने की ताकत अदालत के पास है.
उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के प्रति आभार जताने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं, मुरुगन भक्तों और आम लोगों ने तमिलनाडु के 2,116 मंदिरों में 'अरम काका अलय दीपम' के तहत दीप जलाए.
रामलिंगम ने कहा, 'हम भगवान से प्रार्थना करते हैं कि वह उन्हें (विजय को) सद्बुद्धि दें.
अगर वह खुद को नहीं सुधारते हैं तो भगवान उन्हें दंडित करेंगे. ' .
मदुरै के जिलाधिकारी को पद से हटाने की मांग क्यों की?
मदुरै के जिलाधिकारी के रुख की आलोचना करते हुए रामलिंगम ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का आज का फैसला कोई सामान्य फैसला नहीं है.
उन्होंने कहा कि मदुरै के जिलाधिकारी ने अपने हलफनामे में कहा है कि दीप जलाना उनका काम नहीं है।
सुप्रीम कोर्ट को ऐसा कहने के लिए उन्हें तत्काल पद से हटा देना चाहिए. ऐसे शासक को इस देश में नहीं होना चाहिए.उन्होंने कहा कि यह विजय सरकार के लिए भी खतरा बन सकता है.
रामलिंगम ने कहा, 'अगर विजय ऐसे जिलाधिकारी का समर्थन करते हैं, जो सुप्रीम कोर्ट के आदेश को स्वीकार नहीं करता, तो आगे चलकर वे मुख्यमंत्री के आदेश को भी स्वीकार नहीं करेंगे. इसलिए विजय को खुद को सुधारना चाहिए.
हम उनसे लगातार अपने तरीके बदलने और सरकार को ठीक से चलाने का अनुरोध कर रहे हैं.