BJP छोड़ लोनी के पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनिल कसाना सपा में शामिल
Anil Kasana Joins SP: लोनी के पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनिल कसाना ने भाजपा छोड़कर अखिलेश यादव के सामने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
- 2 मिनट में पढ़ें
विधानसभा चुनाव से पहले लोनी की राजनीति में बदलाव
भाजपा के पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनिल कसाना ने लखनऊ में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की.
इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रीय बीडीसी सदस्यों ने भी समाजवादी पार्टी जॉइन की.
अनिल कसाना वर्ष 2016 से भाजपा से जुड़े हुए थे.
लोनी क्षेत्र में उनकी पहचान भाजपा के स्थानीय नेता और पूर्व ब्लॉक प्रमुख के रूप में रही है
वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने लोनी सीट से भाजपा का टिकट मांगा था, लेकिन पार्टी ने नंदकिशोर गुर्जर को प्रत्याशी बनाया.
गुर्जर ने चुनाव जीतकर विधानसभा में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया और 2022 में भी अपनी जीत बरकरार रखी.
इसके बाद भी अनिल कसाना क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय रहे.
भाजपा में रहते हुए उनके और लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर के बीच मतभेद भी सार्वजनिक रूप से सामने आए.
सितंबर में विधायक और कसाना खेमे की ओर से अलग-अलग महापंचायतें आयोजित की गई थीं.
अप्रैल 2025 में भाजपा जिलाध्यक्ष ने बिना अनुमति प्रेसवार्ता करने और विधायक के खिलाफ बयान देने के मामले में कसाना को कारण बताओ नोटिस जारी किया था.
सितंबर में विधायक के साथ हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच तल्खी और बढ़ गई थी.
अब अनिल कसाना ने भाजपा छोड़कर समाजवादी पार्टी की सदस्यता ले ली है.
सपा में शामिल होने के बाद अनिल कसाना ने भाजपा में अपने कार्यकाल को लेकर नाराजगी जाहिर की.
उन्होंने कहा कि वह वर्ष 2016 से 2026 तक भाजपा में रहे, लेकिन उन्हें वहां सम्मान नहीं मिला.
कसाना ने कहा कि राजनीति में सम्मान सबसे महत्वपूर्ण होता है. जिस जगह सम्मान न मिले, वहां राजनीति करने का कोई मतलब नहीं है.
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने उन्हें आशीर्वाद दिया है और अब वह जीवनभर उनके साथ रहने का वादा करते हैं.
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अनिल कसाना का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि उनके आने से समाजवादी पार्टी को मजबूती मिली है.
अखिलेश यादव ने गाजियाबाद और लोनी विधानसभा क्षेत्र की जनता से किए गए वादों का भी जिक्र किया.
उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर इन वादों को पूरा किया जाएगा.

News Desk
शिव शंकर मिश्रालोक हस्तक्षेप की टीम जनहित, तथ्य और जवाबदेही पर केंद्रित रिपोर्टिंग करती है।
लेखक के सभी लेख