प्रयागराज इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बीएचयू से जुड़े अस्पताल में दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की खरीद में कथित अनियमितता पर कुलपति और रजिस्ट्रार से 10 दिन में जवाब मांगा है। उन्हें जांच समितियों की रिपोर्ट और उस पर की गई कार्रवाई का ब्योरा शपथपत्र के साथ दाखिल करना होगा। मामले की अगली सुनवाई 11 दिसंबर को होगी।

यह आदेश न्यायमूर्ति चंद्रधारी सिंह और न्यायमूर्ति तरुण सक्सेना की खंडपीठ ने अमित कुमार मिश्र व दो अन्य की जनहित याचिका पर दिया है। याचिका में दवाओं और सर्जिकल सामग्री की खरीद में गड़बड़ी का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि बिना टेंडर खरीद की गई है।

कीमतें बढ़ाकर दिखाई गईं। घटिया चिकित्सा सामग्री खरीदे जाने का दावा किया गया। साथ ही जांच के लिए सीबीआई या एसआईटी के गठन का निर्देश दिए जाने की मांग भी की गई है।