प्रदेश सरकार के गड्ढा मुक्त सड़कों एवं ग्रामीण अंचलों में बेहतर संपर्क मार्गो के दावे पूरी तरह हो गए फेल
लोगों को एक दूसरे गांव को जाने के लिए खस्ताहाल व जर्जर संपर्क मार्गों का उपयोग करना उनकी मजबूरी हो गई है.

Minister of State Danish Azad Ansari’s: सुखपुरा से अपायल गांव का संपर्क मार्ग बेहद खराब हालत में हैं, जिससे आवागमन मुश्किल है. यह हालत हैं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी के गांव

लोगों को एक दूसरे गांव को जाने के लिए खस्ताहाल व जर्जर संपर्क मार्गों का उपयोग करना उनकी मजबूरी हो गई है.

जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के आश्वासन धरे के धरे रह गए हैं. सुखपुरा कस्बे से अपायल जाने को दो संपर्क मार्ग है.
दोनों की हालत इस कदर खराब है कि उन पर आवागमन कष्टकारक हो गया है.
प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी का गांव अपायल ही है .
लगभग पांच साल से वह प्रदेश सरकार में मंत्री हैं, उनके गांव जाने के दोनों संपर्क मार्ग की स्थिति बद से बदतर हो गई है.
सुखपुरा से अपायल जाने का पहला संपर्क मार्ग नहर से होकर जाता है.
इस मार्ग को सुखपुरा-अपायल नहर संपर्क मार्ग के नाम से जाना जाता है.
इस मार्ग पर इतने ज्यादा गड्ढे हो गए हैं कि लगता ही नहीं कि गड्ढे के बीच में सड़क है कि सड़क के बीच में गड्ढे हैं.
अभी बरसात के पूर्व इस सड़क की मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति की गई थी। बरसात खत्म होने के बाद यह मार्ग पुनः अपने पूर्व रूप में आ गया.
आज हालत यह है कि इस सड़क पर आवागमन पूरी तरह कष्टकारक हो गया है.
सवारियों की बात कौन करें पैदल चलना तक कठिन है.
अपायल जाने का दूसरा संपर्क मार्ग पानी टंकी सुखपुरा के समीप से सब्जी बाजार होते हुए अपायल को जाता है।
इस संपर्क मार्ग की हालत पहले संपर्क मार्ग से भी बद्तर है. इस मार्ग पर गंदगी का साम्राज्य है.
स्थान-स्थान पर सड़क पर बने गड्ढों में लोगों के घरों का गंदा पानी का जमाव है जिसपर आना-जाना दुश्वार है.
इस मार्ग पर न सिर्फ सब्जी बाजार लगता है, बल्कि इसी मार्ग पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भी है.
बाजार,स्वास्थ्य केंद्र एवं अपायल जाने वाले लोगों को प्रतिदिन काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है,
लगभग दो साल पहले इस मार्ग की मरम्मत की गई थी लेकिन मरम्मत के नाम पर केवल कोरम पूरा किया गया.
अपायल जाने वाला दोनों संपर्क मार्ग बसंतपुर होते हुए यूनिवर्सिटी को जोड़ता है.
लगभग तीन-तीन किलोमीटर लंबे इन संपर्क मार्गों के बन जाने से अपायल,बसंतपुर और विश्वविद्यालय जाने वाले लोगों को काफी सहूलियत मिलने लगेगी.
मौलिक रिपोर्ट · बलिया