भाजपा ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए मथुरा से 'मिशन-2027' का बिगुल फूंका
भाजपा ने मथुरा से मिशन-2027 का बिगुल फूंका है, जहां दो दिवसीय योजना बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक, सामाजिक और संगठनात्मक समीकरणों पर मंथन हुआ.
अयोध्या और काशी के बाद अब मथुरा की बारी है: केशव प्रसाद मौर्य
मथुरा के फरह क्षेत्र स्थित परखम गांव के पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो अनुसंधान केंद्र में सोमवार से पार्टी की दो दिवसीय योजना और चिंतन बैठक शुरू हुई है
सोमवार को परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो अनुसंधान केंद्र में दोपहर करीब तीन बजे शुरू हुई भाजपा की दो दिवसीय योजना बैठक में सत्ता में वापसी के लिए राजनीतिक, सामाजिक और संगठनात्मक समीकरण साधने की व्यापक कवायद हो रही है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री, प्रदेश संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी और सरकार के प्रमुख चेहरे समेत 54 लोगों की मौजूदगी में भाजपा ने उन चुनौतियों पर मंथन शुरू किया, जो अगले विधानसभा चुनाव में उसकी राह तय करेंगी.
मंगलवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मौजूदगी में इस मंथन को निर्णायक दिशा मिलने की उम्मीद है.
इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े और राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बी.एल. संतोष सहित सरकार और संगठन के लगभग 47 से 54 वरिष्ठ नेता शामिल हुए हैं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत 54 लोग मौजूद रहे.
बैठक के राजनीतिक एजेंडे में सबसे अहम चुनौती विपक्ष की पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) राजनीति की काट तलाशना है.
समाजवादी पार्टी ने पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को एक मंच पर लाने की रणनीति के जरिए भाजपा के सामाजिक आधार में सेंध लगाने की कोशिश की है.
भाजपा के सामने अपने परंपरागत समर्थक वर्गों को एकजुट रखने के साथ पिछड़े और दलित वर्गों में भी अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखने की चुनौती है.
दूसरा बड़ा मोर्चा संगठन की मजबूती और बूथ प्रबंधन का है.
बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता, पन्ना प्रमुख व्यवस्था की प्रभावशीलता और सरकार की योजनाओं का लाभार्थियों तक पहुंचना जरूरी है.
सत्ता और संगठन के बीच बेहतर तालमेल बनाकर सरकारी उपलब्धियों को चुनावी समर्थन में बदलना भी इस बैठक के एजेंडे का अहम हिस्सा है.
हिंदुत्व और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद का एजेंडा भी भाजपा की चुनावी रणनीति से अलग नहीं है.
अयोध्या और काशी के बाद अब मथुरा की बारी है. ब्रज की धरती पर यह बैठक करना इसका संकेत है.
बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए 2027 में भाजपा की प्रचंड बहुमत से सरकार बनने का दावा किया.
उन्होंने कहा कि 60 प्रतिशत वोट हमारा है और शेष 40 प्रतिशत में भी भाजपा की हिस्सेदारी है.
सपा के पीडीए फार्मूले पर पलटवार करते हुए उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधा और कहा कि उनके मुंगेरी लाल के हसीन सपने चूर-चूर हो जाएंगे.
मौर्य ने अयोध्या में राम मंदिर का उल्लेख करते हुए कहा कि अब मथुरा की बारी है.
उन्होंने अखिलेश यादव को श्रीकृष्ण की भूमि पर आकर कारसेवा करने का न्योता भी दिया.
मौर्य के इन बयानों से बैठक के भीतर चल रहे राजनीतिक मंथन के कुछ संकेत जरूर सामने आए हैं,
भाजपा की कोशिश साफ है कि 2027 के चुनाव में संगठन की ताकत, सामाजिक समीकरण, सरकारी उपलब्धियों और हिंदुत्व के मुद्दे को एक साथ चुनावी रणनीति का हिस्सा बनाया जाए.
राष्ट्रीय अध्यक्ष की मौजूदगी में होने वाला मंथन इस रणनीति को कितना ठोस रूप देता है, इस पर राजनीतिक हलकों की निगाहें टिकी.