TVS Dispute:क्यों बढ़ा वेणु श्रीनिवासन के परिवार में संपत्ति को लेकर विवाद?
TVS Dispute: क्या किसी कंपनी को चलाने की जिम्मेदारी सौंपने का मतलब उसकी संपत्ति का मालिकाना हक भी देना है? या कारोबार का मैनेजमेंट और संपत्ति में आर्थिक हिस्सेदारी दो अलग-अलग चीजें हैं?

क्या किसी कंपनी को चलाने की जिम्मेदारी सौंपने का मतलब उसकी संपत्ति का मालिकाना हक भी देना है? या कारोबार का मैनेजमेंट और संपत्ति में आर्थिक हिस्सेदारी दो अलग-अलग चीजें हैं?

वेणु श्रीनिवासन के परिवार में उत्तराधिकार को लेकर चल रहा विवाद इसी सवाल पर केंद्रित है.
इस मामले में वीनू और उनके बेटे सुदर्शन वीनू एक तरफ हैं, जबकि उनकी पत्नी मल्लिका श्रीनिवासन और बेटी लक्ष्मी वीनू दूसरी तरफ हैं.
TVS Motor विवाद का एक अहम पहलू दोनों भाई-बहनों से जुड़े कारोबारों की मार्केट वैल्यू में बड़ा अंतर भी है.
आइए, समझते हैं कि विवाद की जड़ क्या है और इसमें कंपनियों, शेयरों और फैमिली ट्रस्ट की क्या भूमिका है.
पिता (वीनू श्रीनिवासन) और बेटा (सुदर्शन वीनू) एक पक्ष में खड़े दिखते हैं, जिनका मानना है कि पारिवारिक बंटवारे और उत्तराधिकार का काम पूरा हो चुका है.
दूसरी ओर मां (मल्लिका श्रीनिवासन) और बेटी (लक्ष्मी वीनू) का कहना है कि कारोबार की जिम्मेदारी अलग बात है, लेकिन संपत्ति और आर्थिक हितों का निष्पक्ष और पारदर्शी मूल्यांकन अभी बाकी है.
वेणु श्रीनिवासन इन दिनों अपने ही कारोबारी साम्राज्य में उत्तराधिकार को लेकर चल रहे विवाद में उलझ गए हैं.
विभावंगल अनुकूलकारा के फाउंडर और MD सिद्धार्थ मौर्य ने कहा कि पारिवारिक कारोबारों के लिए उत्तराधिकार की योजना केवल संपत्ति का हस्तांतरण नहीं होता, बल्कि इससे कहीं आगे होता है.
प्रोफेशनल राय-मशविरे के साथ बनाई गई योजना भविष्य में किसी तरह के विवाद से बचा सकती है. पहले ये जान लेते हैं कि विवाद किन लोगों के बीच है.
वेणु श्रीनिवासन: TVS Motor Company के चेयरमैन एमेरिटस हैं.उनका कहना है कि बच्चों के बीच कारोबार का बंटवारा परिवार के हित में किया गया था और इससे जुड़ी व्यवस्थाएं पूरी हो चुकी हैं.
मल्लिका श्रीनिवासन: वीनू की पत्नी और ट्रैक्टर्स एंड फार्म इक्विपमेंट लिमिटेड (TAFE) की चेयरपर्सन और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं, बेटी लक्ष्मी की इस मांग का समर्थन कर रही हैं कि परिवार के आर्थिक हितों का निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से निपटारा होना चाहिए.
सुदर्शन वीनू: वीनू और मल्लिका के बेटे हैं. वो TVS Motor Company के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर और TVS Holdings के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं. उनका कारोबारी जुड़ाव समूह के दोपहिया और तिपहिया वाहन कारोबार से है.
लक्ष्मी वीनू: परिवार की बेटी हैं, Sundaram-Clayton की मैनेजिंग डायरेक्टर और TAFE की वाइस चेयरपर्सन हैं. उनका और उनकी मां का कहना है कि कारोबार चलाने की जिम्मेदारी मिलने से परिवार की संपत्ति में आर्थिक हिस्सेदारी का सवाल अपने आप हल नहीं हो जाता.
परिवार दो पक्षों में बंटा नज़र आता है. वीनू और सुदर्शन एक तरफ, जबकि दूसरी तरफ मल्लिका और लक्ष्मी हैं.
इस विवाद का मुख्य सवाल है कि क्या दोनों बच्चों को अलग-अलग कारोबार की जिम्मेदारी सौंपने के साथ परिवार की संपत्ति में उनके आर्थिक हितों का बंटवारा भी पूरा हो गया था?रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुदर्शन को TVS Motor Company से जुड़े कारोबार की जिम्मेदारी मिली, जबकि लक्ष्मी Sundaram-Clayton से जुड़ीं. दोनों अपने-अपने कारोबार में मैनेजमेंट की भूमिका निभा रहे हैं.
TVS Dispute इस बात पर है कि क्या कारोबार की जिम्मेदारी तय होने के साथ ही संपत्ति में हिस्सेदारी भी अंतिम रूप से तय कर दी गई थी.
वीनू का पक्ष है कि कारोबार और संपत्तियां उनकी थीं और उन्हें अपनी समझ के मुताबिक उनका बंटवारा करने का अधिकार था.
उनका कहना है कि अगली पीढ़ी को कम उम्र में ही कारोबार का मालिकाना हक और नियंत्रण देकर अपने उद्यम विकसित करने का अवसर दिया गया.
उनके पक्ष के मुताबिक, ये व्यवस्थाएं उस समय के मूल्यांकन के आधार पर की गई थीं और परिवार के सदस्यों की राय भी ली गई थी.
दूसरी तरफ मल्लिका और लक्ष्मी का कहना है कि परिवार के आर्थिक हितों का निपटारा पारदर्शी मूल्यांकन, संपत्तियों पर बातचीत और आपसी सहमति के साथ नहीं हुआ.
उनका तर्क है कि मैनेजमेंट की जिम्मेदारी सौंपना और संपत्ति में आर्थिक अधिकार तय करना दो अलग-अलग बातें हैं.
एक पक्ष के मुताबिक उत्तराधिकार की व्यवस्था पूरी हो चुकी है, जबकि दूसरे पक्ष का कहना है कि परिवार की संपत्ति में हिस्सेदारी का सवाल अब भी तय नहीं हुआ है.
मौलिक रिपोर्ट · भारत · संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित



