मामूली विवाद के बाद लाठी-डंडों से मारपीट और रफ्तार कार से कुचलने की कोशिश
लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र अंतर्गत तेलीबाग इलाके में मामूली विवाद के बादजान से मारने की नीयत से 'अधिवक्ता' लिखी तेज रफ्तार कार से कुचलने की कोशिश से जुड़ा एक CCTV फुटेज शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था.
वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए लखनऊ पुलिस ने मुख्य आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस ने इस मामले में मुख्य अभियुक्त चालक गुलाम अरमान के साथ मारपीट में शामिल उसके एक अन्य साथी मो. याकूब को भी गिरफ्तार किया है.
इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त हुंडई क्रेटा कार को भी बरामद कर लिया है.
जानकारी के मुताबिक, बीते 13 नवंबर को थाना पीजीआई क्षेत्र के वृंदावन योजना के रहने वाले अमन सिंह ने थाने में लिखित तहरीर दी थी.
तहरीर में आरोप लगाया गया था कि विपक्षी गुलाम अरमान ने अपनी हुंडई क्रेटा कार से सड़क किनारे खड़ी उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मारकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया.
जब पीड़ित पक्ष ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी.
और अपने अन्य साथियों को बुलाकर अमन सिंह व उनके परिजनों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी.
मामले के बाद पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना पीजीआई में धारा 09(1)/281/115(2)/324(4)/351(3)/352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था.
पुलिस की दो टीमों ने दबोचाघटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त तरुण गाबा और संयुक्त पुलिस आयुक्त अपर्णा कुमार के निर्देश पर DCP दक्षिणी मो. मुश्ताक, ADCP रल्लापल्ली वसंथ कुमार व ACP गोसाईगंज ऋषभ यादव के मार्गदर्शन में पुलिस की दो विशेष टीमें गठित की गई थीं.
पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर तेलीबाग के रहने वाले 33 वर्षीय मुख्य आरोपी चालक गुलाम अरमान और उसके साथी मो. याकूब को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस का कहना है कि आरोपी के साथी मो. याकूब को शांति भंग की धाराओं में गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस पूछताछ के दौरान गिरफ्तार मुख्य आरोपी गुलाम अरमान ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि देर रात वह अपनी क्रेटा कार से घर लौट रहा था,
तभी सड़क किनारे खड़ी अमन सिंह की मोटरसाइकिल में टक्कर लग गई थी.
इसी बात को लेकर अमन सिंह और उनके परिजनों से कहासुनी हो गई, जिस पर उसे गुस्सा आ गया.
इसके बाद उसने अपने साथियों को बुलाकर लाठी-डंडों से पीड़ित परिवार की पिटाई की.
आरोपी ने कबूला कि जब वे लोग घर से बाहर निकलकर सड़क पर खड़े थे,
तब उसने उन्हें कुचलने के उद्देश्य से अपनी क्रेटा कार को तेज रफ्तार में दौड़ाया था.
गिरफ्तारी के बाद आरोपी चालक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए पुलिस से माफी मांगी.